Buddhadarshan News, Lucknow
“उत्तर प्रदेश में पर्यटन बढ़ाने के लिए सड़क किनारे अच्छी पर्यटक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी के तहत प्रदेश के सभी 12 टूरिस्ट सर्किट Tourist Circuits स्थित गंतव्य स्थलों तक प्रमुख सड़कों के किनारे ढाबों, मोटल, फूड कोर्ट आदि विकसित किए जाएं। उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति 2022 के तहत दी जा रही 25 से 30 परसेंट तक की छूट पाने के लिए जो आवेदक योग्य हैं, उन्हें इस योजना का लाभ अवश्य मिले।“ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी दी है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में वे साइड एमिनिटीज जैसे- ढाबों, मोटल, फूड कोर्ट बनाने के लिए जमीन खरीदने पर रजिस्ट्री शुल्क, स्टांप ड्यूटी फ्री की सुविधा दी जा रही है। इकाइयों के निर्माण पर 30 परसेंट सब्सिडी दी जाएगी। इसके अलावा वर्तमान में संचालित वे साइड एमिनिटी में ओपन रेस्टोरेंट, फैमिली रेस्टोरेंट, एसी रूम, शौचालय, बच्चों के लिए प्ले एरिया, आरओ सिस्टम, मॉड्यूलर किचन, फ्रीजर, सोलर लाइट आदि लगाने पर सब्सिडी देने का प्रावधान है।
ढाबों पर रुकेंगी एसी बसें :
पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के साथ अनुबंध के बाद एसी बसों को ढाबों पर रुकने की व्यवस्था की जाएगी। ढाबे पर दिव्यांग कर्मचारी रखने पर प्रोत्साहन दिया जाएगा। जमीन के निर्माण भू भाग की भूमि पर भी अनुदान मिलेगा।
48 करोड़ से अधिक पर्यटकों का हुआ आगमन:
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राज्य है। बीते वर्ष 2023 में यहां 48 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ था। घरेलू पर्यटन के मामले में अभी हम पहले स्थान पर हैं।
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि राज्य में अभी तक 1001 ढाबों की सूची बनाई गई है। पर्यटन विभाग की ओर से यहां छूट देकर सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।
प्रदेश में ये हैं 12 पर्यटन सर्किट:
बुद्धिस्ट सर्किट
रामायण सर्किट
कृष्ण-ब्रज सर्किट
महाभारत सर्किट
शक्तिपीठ सर्किट
आध्यात्मिक सर्किट
सूफी-कबीर सर्किट
जैन सर्किट
बुंदेलखंड सर्किट
वाइल्ड लाइफ सर्किट एण्ड इको टूरिज्म सर्किट
क्राफ्ट सर्किट
स्वतंत्रता संग्राम सर्किट