Buddhadarshan News, Lucknow
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में ’दुधवा महोत्सव 2024’ का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि 25 नवंबर को दुधवा नेशनल पार्क Dudhawa National Park में महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। पर्यटन विभाग के सहयोग से होने वाले महोत्सव में कई कार्यक्रम होंगे। दुधवा आने वाले सैलानियों के लिए हवाई सेवा की शुरुआत भी होगी।
कार्यक्रम में वन मंत्री अरुण सक्सेना के साथ वन विभाग और पर्यटन विभाग के उच्च अधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी।
दुधवा नेशनल पार्क सैलानियों को खासा आकर्षित करता है।
जैव विविधता वाले देश के चुनिंदा पर्यटन स्थलों में एक दुधवा सैलानियों की पहली पसंद रही है।
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से एक विमान 25 नवम्बर को पलिया हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरेगा।
लखनऊ से दुधवा के लिए हेली सर्विस का आनंद लेने के इच्छुक प्रति सैलानी के लिए किराया करीब पांच हजार रुपए निर्धारित किया गया है। यूपी ईको टूरिज्म विकास बोर्ड द्वारा नेचर गाइड ट्रेनिंग प्रोग्राम के मेधावियों को प्रमाण-पत्र वितरित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, दुधवा महोत्सव 2024 राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने का एक बड़ा अवसर है। महोत्सव के जरिए उत्तर प्रदेश के समृद्ध प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। यह आयोजन दुधवा नेशनल पार्क में होगा, जहां जैव विविधता और पर्यटन के विकास को केंद्र में रखा जाएगा।
उत्तर प्रदेश का एकमात्र राष्ट्रीय उद्यान दुधवा का कोर जोन 884 वर्ग किलोमीटर में स्थापित है। इसकी ख्याति देश-दुनिया में है। दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में विभिन्न प्रकार के बेशकीमती वृक्ष, पौधे, घासें, बाघ, तेंदुआ, भालू, हाथी, गैंडा, हिरण, सरीसृप, पक्षी व अन्य जीव-जंतु पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। इस राष्ट्रीय उद्यान की जैवविविधता की अलौकिकता, इसके मनोहारी दृश्य पर्यटकों को यहां बार-बार आने को प्रेरित करते हैं।
पर्यटन क्षेत्र में वर्तमान में 90 नेचर गाइड, 60 वाहन चालकों को रोजगार प्राप्त है। दुधवा के आसपास वनों पर निर्भरता को कम किए जाने की दृष्टि से संचालित ईको विकास समितियां भी पर्यटन में सेवाएं प्रदान कर रही हैं।